दावणगेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायल तेंदुए ने वनकर्मी पर किया हमला
कर्नाटक के दावणगेरे जिले में घायल तेंदुए को बचाने पहुंची वन विभाग की टीम उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ अचानक एक वनकर्मी पर झपट पड़ा। मामला नेशनल हाईवे-48 का है, जहां कार की टक्कर से घायल तेंदुआ सड़क किनारे नाले में पड़ा मिला था।
वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम उसे सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रही थी। तेंदुए को शांत करने के लिए ट्रैंक्विलाइजर दिया गया, लेकिन दवा का असर पूरी तरह होने से पहले ही उसने पास खड़े वनकर्मी पर हमला कर दिया। कर्मचारी सड़क पर गिर गया, जिसके बाद साथियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए का ध्यान भटकाया और उसे सुरक्षित दूरी पर ले गए।
बाद में तेंदुए को पूरी तरह बेहोश कर पिंजरे में रखा गया और इलाज के लिए वन्यजीव चिकित्सा केंद्र भेजा गया। हमले में घायल वनकर्मी को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
#DavanagereNews #LeopardAttack #KarnatakaNews #WildlifeRescue #taptisamanvya
