September 9, 2026

समस्तीपुर में कार पलटी तो मची शराब लूट की होड़, पुलिस पहुंची तो पैक गायब!

0
Post no. 0 (2)

बिहार के समस्तीपुर में सड़क हादसे के बाद सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। मामला दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर पगड़ा चौक के पास का बताया जा रहा है। तेज बारिश के दौरान फिसलन के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग वाहन को वहीं छोड़कर मौके से चले गए।

कुछ देर बाद आसपास के लोगों को कार के अंदर शराब के टेट्रा पैक होने की जानकारी मिली। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते कई लोग कार से टेट्रा पैक निकालकर ले जाने लगे। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दो पैक लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई लोग दोनों हाथों में पैक भरकर मौके से निकलते नजर आए।

घटना की सूचना मिलने पर दलसिंहसराय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार से शराब के पैक गायब हो चुके थे। पुलिस को वाहन तो मिला, लेकिन उसमें शराब का एक भी पैक बरामद नहीं हुआ। बाद में क्रेन की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शराब ले जाने वाले लोगों से उसे वापस करने की अपील की है और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

#SamastipurNews #BiharNews #ViralVideo #BreakingNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *