6 KM की रेस में जीत का जुनून! घोड़े का इंजेक्शन लगाकर दौड़े दो युवक, बिगड़ी हालत
आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में आयोजित 6 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता के बाद दो प्रतिभागियों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। अऐला गांव में हुई प्रतियोगिता में 16 वर्षीय श्यामवीर सिकरवार और 22 वर्षीय गौरव ने बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद में कथित तौर पर घोड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाला स्टेरॉयड इंजेक्शन ले लिया।
दोनों युवकों के मुताबिक उन्होंने करीब 3 एमएल इंजेक्शन लेने के बाद दौड़ में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता पूरी होने के तुरंत बाद उन्हें घबराहट और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई और दोनों मैदान में गिर पड़े। साथियों ने उन्हें खेरागढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां करीब दो घंटे तक उनका उपचार किया गया। इलाज के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया गया।
श्यामवीर 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं, जबकि गौरव स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों आर्मी भर्ती की तैयारी भी करते हैं। प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 2100, दूसरा 1100 और तीसरा 551 रुपये रखा गया था। आयोजकों के अनुसार, ग्रामीण युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी भी स्टेरॉयड या दवा का इस्तेमाल गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
#Agra #UttarPradesh #RunningCompetition #SteroidInjection #HealthAlert #ViralNews #LocalNews #taptisamanvya
