उज्जैन में चोला नहीं चढ़ा तो ‘नाराज’ हुए गजानन? प्रतिमा की आंखों से निकलीं आंसू
उज्जैन के ताजपुर गांव में गणेश चतुर्थी से पहले गणेश मंदिर में हुई एक घटना ने ग्रामीणों के बीच चर्चा बढ़ा दी। माता जी की बावड़ी स्थित गणेश मंदिर में शनिवार सुबह श्रद्धालुओं ने प्रतिमा की आंखों के पास पानी की बूंदें देखीं। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचने लगे।
ग्रामीणों ने मंदिर में महाआरती की और ढोल बजाकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में नगर पूजा और गणेश यात्रा के बाद प्रतिमा को चोला चढ़ाया जाना था, लेकिन किसी कारणवश चोला नहीं चढ़ पाया। ग्रामीणों ने बूंदों की इस घटना को भगवान गणेश की नाराजगी से जोड़कर देखा।
बाद में ग्रामीणों ने गणेश प्रतिमा को चोला अर्पित किया। उनका दावा है कि इसके बाद आंखों से निकलने वाली बूंदें धीरे-धीरे कम होने लगीं और दोपहर तक काफी कम हो गईं।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, प्रतिमा की आंखों से पानी आने की वास्तविक वजह को लेकर अभी कोई वैज्ञानिक या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल यह घटना ग्रामीणों के बीच आस्था और चर्चा का विषय बनी हुई है।
#Ujjain #Tajpur #GaneshChaturthi #GaneshMandir #Ganpati #ViralVideo #MadhyaPradesh #taptisamanvya
