September 29, 2026

ATM लूटने आए थे बदमाश, महिला मैनेजर ने उल्टा उन्हें ही अंदर कर दिया बंद!

0
Post no.

नागौर के मारवाड़ मूंडवा में आधी रात एटीएम लूटने पहुंचे दो बदमाशों की कोशिश महिला बैंक मैनेजर और उनके पति की सूझबूझ से नाकाम हो गई। मामला यूको बैंक के एटीएम बूथ का है। रात करीब 2 बजकर 13 मिनट पर दो युवक एटीएम बूथ के अंदर दाखिल हुए। जैसे ही दोनों अंदर पहुंचे, ई-सर्विलांस सिस्टम से तेज सायरन बज उठा।

सायरन की आवाज सुनकर बैंक की ब्रांच मैनेजर सरिता चौधरी जाग गईं। वह बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहती हैं। सायरन सुनते ही वह अपने पति के साथ तुरंत एटीएम बूथ पर पहुंचीं। अंदर झांकने पर उन्हें दोनों युवक दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने बिना घबराए बाहर से शटर बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी।

कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को बूथ के अंदर से गिरफ्तार कर लिया। एटीएम में करीब 16 लाख 900 रुपये की नकदी रखी थी, जो लूटने से बच गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान मुंडू निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। बताया गया कि भरत प्रजापत चाय का ढाबा चलाता है और कोमल उसकी दुकान पर मजदूरी करता है। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी दूसरे व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

#NagaurNews #MarwarMundwa #ATMRobbery #UCOBank #CrimeNews #RajasthanNews #ViralNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *