देवघर में चोरों का कारनामा: कार से ATM का शटर तोड़ा, मशीन उखाड़कर ले गए
झारखंड के देवघर जिले के नंदन पहाड़ मोहल्ले में मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे चोरों ने SBI का पूरा ATM ही उखाड़कर चोरी कर लिया। वारदात सेवा धाम के पास स्थित ATM में हुई। बताया जा रहा है कि करीब सात बदमाशों ने पहले कार की मदद से ATM कक्ष का शटर तोड़ा और अंदर पहुंचने के बाद पूरी मशीन को बाहर निकाल लिया।
इसके बाद बदमाश ATM मशीन को करीब 500 मीटर तक टोचन करते हुए ले गए। कुछ दूरी पर इसे एक चारपहिया वाहन, जिसे इनोवा बताया जा रहा है, में लोड किया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। सभी बदमाशों ने कथित तौर पर अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि वारदात कैमरों में कैद हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय ATM पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहता था। ATM कक्ष में CCTV और हूटर लगा होने की बात कही जा रही है, लेकिन वारदात के दौरान हूटर नहीं बजने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। ATM में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
#Deoghar #JharkhandNews #ATMRobbery #CrimeNews #SBIATM #CCTVFootage #BreakingNews #taptisamanvya
