October 10, 2026

आज की प्रमुख खबरें 10/10/26

0
Post no. _20261010_201407_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

1. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने झाबुआ, आलीराजपुर और धार ग्रामीण जिले में आयोजित बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। आलीराजपुर में रंगोली कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान, विकास और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

2. सर्वपितृ अमावस्या और शनिश्चरी अमावस्या पर बैतूल जिले में मां ताप्ती के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजा-पाठ और पितरों का तर्पण किया। खेड़ीसावलीगढ़ में सामूहिक श्राद्ध का आयोजन हुआ। वहीं, मुलताई के ताप्ती सरोवर सहित बारहलिंग और आठनेर के घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए।

3. बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में माचना ब्रिज के पास यात्री प्रतीक्षालय में राजा उर्फ दिलीप मतलाने का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 38 वर्षीय मृतक बैतूल के सदर क्षेत्र का निवासी था और मजदूरी करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4. बैतूल में धरती नदी सद्भावना एकता शक्ति सेवा पदयात्रा के नौवें दिन 75 कदम अभियान के सदस्यों ने सागौन वन से आकाशवाणी चौक तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान करीब 153 किलो प्लास्टिक, पन्नियां और अन्य कचरा एकत्र कर नगर पालिका को सौंपा गया। अभियान के सदस्यों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की।

5. बैतूल जिले में आयुष विभाग के गर्भ संस्कार कार्यक्रम के तहत 9 अक्टूबर को 331 गर्भवती महिलाओं ने हिस्सा लिया। जिले के 13 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं को उचित खानपान, मानसिक स्वास्थ्य और गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। सुप्रजा योजना के अंतर्गत हर महीने की 9 और 25 तारीख को ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

6. बैतूल में सेंट्रल स्कूल से ग्रीन सिटी जाने वाले मार्ग पर खुले ट्रांसफार्मर, असुरक्षित फ्यूज बॉक्स और लटकते बिजली के तार दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं। कुछ ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा जाली नहीं है, जबकि एक ट्रांसफार्मर के नीचे लोगों के बैठने के लिए बेंच भी लगी हुई है। क्षेत्रवासियों ने बिजली कंपनी और प्रशासन से तत्काल सुधार कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

7. 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बैतूल जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अवसाद, अनिद्रा, मानसिक बीमारियों के उपचार और आत्महत्या की रोकथाम से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में टेली-मानस सेवा के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरतमंद लोग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त कर सकें।

8. मध्यप्रदेश में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में देरी और हितग्राहियों को योजनाओं की राशि समय पर नहीं मिलने के मामले में हरदा जिले के प्रभारी जिला संयोजक प्रमोद कुमार माथुर को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद नर्मदापुरम संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ ने कार्रवाई की। मामला रसोइया के मानदेय और आवास सहायता राशि के भुगतान में देरी से जुड़ा है।

9. छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केंद्रों की स्वच्छता और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सुधार लाने पर जोर दिया।

#BetulNews #MadhyaPradesh #LocalNews #BreakingNews #PublicAwareness #LatestNews #NewsUpdate #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *