आज की प्रमुख खबरें 11/10/2026
आज की प्रमुख खबरें
1: बैतूल में शारदीय नवरात्र की धूम शुरू हो गई है। शहर में 188 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। वहीं टिकारी के सितारा मंडल में 74 साल पुरानी परंपरा के तहत मां काली की 25 फीट ऊंची प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रशासन ने पंडालों में बिजली सुरक्षा, ध्वनि नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए हैं।
2: मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलीराजपुर में 2,040 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जबकि नरसिंहपुर में 500 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार हुए। दोनों कार्रवाइयों में करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
3: भोपाल के बड़े तालाब में आयोजित ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता में बैतूल के रोशन सूर्यवंशी और प्रसाद निर्गुणकर ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने 4 किलोमीटर की तैराकी 1 घंटे 56 मिनट में पूरी कर पदक हासिल किए। उनकी उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
4: मुलताई के प्रभात पट्टन बस स्टैंड स्थित एटीएम को बदमाशों ने ग्लैंडर मशीन से काटने की कोशिश की। एटीएम को पर्दे से ढंककर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस गश्त के कारण आरोपी भाग निकले। इसी एटीएम को पहले भी निशाना बनाने की कोशिश हो चुकी है।
5: बैतूल की साक्षी अवस्थी ने अंतरराष्ट्रीय केटलबेल लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने महिला वेटरन वर्ग की डबल जर्क स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।
6: अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस और नवरात्र के पहले दिन बैतूल में अनोखी पहल हुई। प्रभुढाना के शिक्षकों ने जिला अस्पताल में जन्मी 10 नवजात बेटियों को मां दुर्गा के स्वरूप वाले चांदी के लॉकेट भेंट किए। कार्यक्रम के जरिए बेटी के सम्मान, समानता और बाल विवाह रोकने का संदेश दिया गया।
7: भैंसदेही के हनुमानढाना टोल नाके पर कथित अवैध वसूली को लेकर शिकायत की गई है। आवेदकों ने टोल की वैधता और वसूली प्रक्रिया की जांच की मांग की है। जयस ब्लॉक अध्यक्ष ने चार दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
8: बैतूल में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने दुर्गा प्रतिमा निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डीजे और लाउडस्पीकर के लिए अनुमति जरूरी है तथा रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक इनके उपयोग पर लागू नियमों के अनुसार प्रतिबंध रहेगा।
9: नर्मदापुरम में एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर का सम्मान किया गया। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विवेक सागर के साथ सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय शालेय हॉकी के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
#BetulNews #MultaiNews #Narmadapuram #MadhyaPradeshNews #Navratri #SportsNews #BreakingNews #taptisamanvya
