November 3, 2026

नेपाल में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय यात्री की मौत, तीन घायल

0
Post no.

नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलीकॉप्टर बर्फ से ढके लैंडिंग क्षेत्र में क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़े। इस हादसे में एक भारतीय यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों सहित तीन लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान वसंत कुमार बालारामारामाडु के रूप में हुई है, जो फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद उनका शव लुकला के अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, उसी हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए। उन्हें प्राभु हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया। एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन रवींद्र प्रजापति भी घायलों में शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिम्रिक एयर का हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल, अधिकारी हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं। बर्फीले पहाड़ी इलाके में हुई इस टक्कर ने एवरेस्ट क्षेत्र में हेलीकॉप्टर उड़ानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

#NepalNews #EverestRegion #HelicopterCrash #Solukhumbu #BreakingNews #IndianPassenger #AviationAccident #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *