आज की प्रमुख खबरें 03/11/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. जबलपुर में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना। लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ संकल्प के तहत आयोजित ढाई किलोमीटर से अधिक लंबी पदयात्रा में एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल और लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का आरोप लगाया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एसआईआर का विरोध करने पर कांग्रेस से सवाल किए। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
2. भोपाल में भाजपा ने बनाई पदयात्रा की रणनीति। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश कार्यालय में बैठक कर लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
3. मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर कलेक्टर ने की उद्योगपतियों से चर्चा। नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने औद्योगिक संस्थानों की समस्याएं और आवश्यक सुविधाओं को लेकर सुझाव सुने। उन्होंने फायर ब्रिगेड स्टेशन जल्द शुरू करने, मेडिकल सुविधा, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई विद्यार्थियों को उद्योगों में प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
4. बैतूल में यूथ पार्लियामेंट 2027 का आयोजन, युवाओं ने रखे विचार। जेएच कॉलेज के अटल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में युवाओं ने विकसित भारत, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। प्रतियोगिता में तनू श्री मधुपाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
5. सड़क हादसे में पटवारी की मौत, साथियों ने दी अंतिम विदाई। बैतूल-रानीपुर मार्ग पर कार की टक्कर से 30 वर्षीय पटवारी कमलेश धुर्वे की मौत हो गई। मंगलवार को साथी पटवारी उनका शव अंबेडकर चौक लेकर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। पटवारी संघ ने काम के अनावश्यक दबाव और रात में ड्यूटी कराने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
6. समान शिक्षा जन यात्रा 20 नवंबर को पहुंचेगी मुलताई। यात्रा को लेकर बैतूल में पूर्व कलेक्टर बी. चंद्रशेखर ने सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों के साथ बैठक की। 15 से 25 नवंबर तक बालाघाट से भोपाल तक निकलने वाली यह यात्रा मुलताई में रेलवे स्टेशन से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से मंगलवार बाजार पहुंचेगी, जहां शिक्षा सुधार पर जनसंवाद होगा।
7. मुलताई में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, 45 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए प्रोजेक्ट। न्यू कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने सततता के लिए विज्ञान और नवाचार विषय पर परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। जूनियर और सीनियर वर्ग से 10 परियोजनाओं का चयन किया गया, जिन्हें आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजने की प्रक्रिया होगी।
8. छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को सिखाया गया विदेशी भाषाओं का महत्व। इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फ्रेंच, जर्मन और जापानी भाषाओं के साथ डुओलिंगो ऐप की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खोल सकता है।
9. पांढुर्णा की जनसुनवाई में पहुंचे नागरिक, अपर कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बिजली, आवास, भूमि विवाद, अतिक्रमण और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर सभी मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
10. बैतूल जनसुनवाई में दिव्यांग पिता की गुहार पर कलेक्टर ने दिए तत्काल निर्देश। आमला के अंबाड़ा निवासी गोमा भलावी ने दुर्घटना में दिव्यांग होने और पत्नी की मृत्यु के बाद दो बच्चों के पालन-पोषण में आ रही परेशानी बताई। उन्होंने खाद्यान्न पर्ची और दिव्यांग पेंशन की मांग की। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र और खाद्यान्न पर्ची बनाने के निर्देश दिए। वहीं बिजली कनेक्शन, रास्ते और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
#BetulNews #MultaiNews #MadhyaPradeshNews #JabalpurNews #NarmadapuramNews #ChhindwaraNews #LocalNews #taptisamanvya
