गुरसरांय में शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, बोतलें तोड़कर जताया विरोध
झांसी के गुरसरांय में शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा इस कदर फूटा कि बड़ी संख्या में महिलाएं सीधे दुकान में जा पहुंचीं। मामला नारायणपुरा मोहल्ले का है, जहां सोमवार को महिलाओं ने देशी शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की बोतलें उठाकर सड़क पर फेंक दीं और लाठी-पत्थरों से तोड़कर अपना विरोध जताया। इसके बाद महिलाएं सड़क पर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका संचालित होने से पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। ठेके से शराब खरीदकर लोग आसपास ही नशा करते हैं और फिर घर पहुंचकर पत्नी और बच्चों के साथ विवाद व मारपीट करते हैं। महिलाओं का कहना है कि शराब की लत के कारण कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दावा किया कि मोहल्ले में अब तक करीब 10 युवकों की मौत शराब की लत के चलते हो चुकी है। महिलाओं ने बताया कि वे लंबे समय से ठेका हटाने की मांग कर रही थीं, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। आखिरकार सोमवार को उन्होंने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही एसडीएम सुनील कुमार, सीओ पीयूष पांडे और थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाइश दी और आश्वासन दिया कि ठेका हटाने के लिए निर्धारित सरकारी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं, ठेकेदार प्रिंस अग्रवाल ने प्रदर्शन के दौरान करीब 4 लाख रुपये की शराब नष्ट होने और गुल्लक से 30 से 40 हजार रुपये गायब होने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
#JhansiNews #Gursarai #UttarPradeshNews #WomenProtest #LiquorShop #LocalNews #ViralNews #taptisamanvya
