इंदौर-दाहोद रेल लाइन पर 130 की रफ्तार से दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन, पहला ट्रायल सफल
इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। नवनिर्मित टीही-धार रेलखंड पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का पहला स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस दौरान लोकोमोटिव ने 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार हासिल कर अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। सोमवार को चार चरणों में किए गए इस परीक्षण में पहले टीही से धार के बीच 30 किलोमीटर और वापसी में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाई गई। इसके बाद अगले चरणों में गति बढ़ाकर 110 और फिर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचाई गई। इस ट्रायल के दौरान नए रेल ट्रैक, 25 केवी एसी ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता की जांच की गई। अब इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन की दिशा में अगला महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। पश्चिम सर्किल के रेल सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास 5 और 6 नवंबर को टीही-धार रेलखंड का औपचारिक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग सिस्टम और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक और स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। सुरक्षा निरीक्षण और आवश्यक तकनीकी परीक्षण सफल होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन शुरू करने का रास्ता खुल सकता है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के लिए यह सफलता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की उम्मीद बढ़ गई है।
#IndoreDahodRailLine #TihiDharRailSection #IndianRailways #RailwayUpdate #ElectricLocomotive #130KMPH #MadhyaPradeshNews #taptisamanvya
