असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 कोच पटरी से उतरे, लोकोमोटिव के अंदर का वीडियो आया सामने
असम के कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह कोच पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुई, जब ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए स्टेशन पर लिया जा रहा था। हादसे के बाद अब लोकोमोटिव के अंदर का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटना के दौरान के हालात दिखाई दे रहे हैं। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो पाने के कारण लोकोमोटिव और पांच कोच पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सबसे राहत की बात यह है कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन में शिफ्ट किया जा रहा है। रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रहा है।
#AssamTrainAccident #KolkataSairangExpress #TrainDerailment #AssamNews #RailwayNews #DigaruStation #BreakingNews #taptisamanvya
