चीन का बड़ा कमाल! 19 सीटर इलेक्ट्रिक विमान ने पहली बार भरी सफल उड़ान
चीन ने एविएशन सेक्टर में इलेक्ट्रिक तकनीक की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 14 नवंबर को चीन के CE-25A इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान ने पहली बार चालक दल के साथ सफल उड़ान भरकर दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। इस ऐतिहासिक परीक्षण के दौरान विमान में दो अनुभवी पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर सवार थे। विमान ने कुल 57 मिनट 46 सेकंड तक आसमान में उड़ान भरी। इस दौरान 16 मिनट 38 सेकंड में 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की गई। परीक्षण के समय विमान की स्थिति सामान्य रही और सभी तकनीकी संकेतक उम्मीदों के अनुरूप पाए गए।
चीन की विमान निर्माता कंपनी COMAC ने इस इलेक्ट्रिक विमान को विकसित किया है। CE-25A में एक साथ 19 यात्रियों के बैठने की क्षमता बताई गई है। इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटा और एक बार चार्ज होने पर उड़ान की रेंज लगभग 400 किलोमीटर बताई जा रही है। इलेक्ट्रिक ऊर्जा से संचालित होने वाले ऐसे विमानों के इस्तेमाल से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है। खासकर कम दूरी की हवाई यात्राओं के लिए यह तकनीक भविष्य में नया विकल्प बन सकती है। हालांकि, व्यावसायिक उड़ानों में इसका इस्तेमाल शुरू होने से पहले सुरक्षा, क्षमता और तकनीकी मानकों से जुड़े कई परीक्षण पूरे करने होंगे। चीन की यह पहली मानव-सहित उड़ान इलेक्ट्रिक एविएशन के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#ChinaNews #ElectricAircraft #CE25A #AviationNews #GreenAviation #TechnologyNews #WorldNews #taptisamanvya
