ऋषिकेश के पास टिहरी गढ़वाल में बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 8 की मौत, 26 घायल
नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक यात्री बस रेलिंग तोड़कर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यह बस ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर गूलर के पास सुबह लगभग 5:15 बजे बेकाबू होकर गूलर पुल के नीचे खाई में जा गिरी। बस हरिद्वार से सुबह 3:15 बजे रवाना हुई थी और ऋषिकेश में थोड़ी देर रुकने के बाद आगे बढ़ी थी।
मुनि की रेती के थाना प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार बस गूलर के पास अनियंत्रित हुई और रेलिंग तोड़ते हुए खाई में गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही ब्यासी चौकी से सब-इंस्पेक्टर सवार सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मियों ने शवों को बस से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। सभी 26 घायलों को भी स्ट्रेचर की मदद से दुर्गम रास्ते से सड़क तक लाया गया और अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें से 17 का इलाज एम्स ऋषिकेश में और नौ का राजकीय अस्पताल ऋषिकेश में चल रहा है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
#Uttarakhand #TehriGarhwal #Rishikesh #BusAccident #Haridwar #UttarakhandNews #SDRF #taptisamanvya
