November 18, 2026

आज की प्रमुख खबरें 18/11/2026

0
Post no. _20261118_202716_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

1 भोपाल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। दिसंबर में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा।

2 नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। इसमें मत्स्य पालन, पशुपालन, उद्यानिकी और सहकारिता विभाग के कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूरे करने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

3 सिवनी में खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो युवकों ने एक बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। जैन मंदिर के पास आरोपियों ने सुरक्षा का हवाला देकर जेवर कागज की पुड़िया में रखवा लिए। कुछ दूर जाने पर बुजुर्ग ने पुड़िया खोली तो उसमें जेवर गायब मिले। घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

4 बैतूल शहर में कम बारिश के कारण जल संकट की स्थिति को देखते हुए नगरपालिका ने पेयजल सप्लाई में बदलाव का फैसला लिया है। अब शहरवासियों को रोजाना के बजाय एक दिन छोड़कर पानी दिया जाएगा। हालांकि नई व्यवस्था कब से लागू होगी, इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है। नगरपालिका द्वारा जल्द सूचना जारी की जाएगी।

5 बैतूल में रैपिडो बाइक टैक्सी सेवा जारी रखने और ऑटो चालकों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग उठी है। स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने ऑटो का किराया निर्धारित करने, अधिक वसूली पर कार्रवाई और यात्रियों की सुविधा के लिए निर्धारित पिकअप और ड्रॉप पॉइंट बनाने की मांग की है।

6 मुलताई क्षेत्र के ग्राम गौना में बिजली की डीपी सुधारते समय ग्रामीण पर्वत पवार करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले में घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

7 छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। इसमें गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और बच्चों के पोषण सहित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने डेंगू-मलेरिया नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिले में 22 से 24 नवंबर तक पल्स पोलियो अभियान भी चलाया जाएगा।

8 पांढुर्णा में विकास योजना 2041 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने योजना की प्रगति और आगामी विकास कार्यों पर चर्चा की। निवेश क्षेत्र में 15 नए गांव शामिल किए गए हैं। GIS आधारित इस योजना के लिए सभी संबंधित विभागों से विकास प्रस्ताव और जरूरी सुझाव मांगे गए हैं।

9 बैतूल जिले की 27 छात्राओं का दल ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार पाने के लिए पुणे रवाना हुआ। छात्राएं फिएट इंडिया के लर्न एंड अर्न कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस योजना के तहत उन्हें निःशुल्क डिप्लोमा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को आत्मनिर्भर बनाना है।

10 बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने कृषि और उससे जुड़े पांच विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता, संतुलित उर्वरक उपयोग और कम पानी में होने वाली फसलों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने उद्यानिकी क्लस्टर, कामधेनु योजना, मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

#BetulNews #SeoniNews #NarmadapuramNews #ChhindwaraNews #MultaiNews #PandhurnaNews #MadhyaPradeshNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *