November 20, 2026

पटियाला में 100 साल की मियाद वाला पुल 10 साल में टूटा, नहर में धंसे दो ट्रक

0
Post no. (8)

पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर गुरुवार को भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक भरभराकर टूट गया। गांव पसियाना के पास हुए इस हादसे में पुल से गुजर रहे दो भारी ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंसकर नहर की ओर धंस गए। हादसे के दौरान एक ट्रक में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है और यातायात के लिए दूसरे पुल का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, NHAI ने वर्ष 2016 में इस पुल का निर्माण कराया था और इसकी उम्र 100 साल बताई गई थी, लेकिन यह 10 साल भी नहीं टिक सका। पुल पर पहले भी दरारें आने की खबरें सामने आई थीं। प्रारंभिक जांच में दोनों ट्रकों के ओवरलोड होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। अब पुल के निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

#PatialaNews #PunjabNews #BridgeCollapse #BhakraCanal #NHAI #BridgeAccident #BreakingNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *