पाकिस्तान में बस और गैस टैंकर की भीषण टक्कर, आग लगने से 10 की मौत, 27 घायल
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मकरान कोस्टल हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। ग्वादर जिले के ओरमारा इलाके में बसोल के पास एक यात्री बस और एलपीजी गैस टैंकर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, निजी यात्री बस तुर्बत से कराची जा रही थी, जबकि एलपीजी गैस टैंकर कराची से ईरान-गाबद सीमा की ओर बढ़ रहा था। बस में महिलाओं और बच्चों सहित 40 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बचाव दल ने बस से आठ और गैस टैंकर से दो शव बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार, सभी मृतकों की जान आग में बुरी तरह झुलसने के कारण गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाकिस्तान सेना, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाने और फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास किया गया। हादसे के चलते मकरान कोस्टल हाईवे पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
#PakistanNews #Balochistan #Gwadar #RoadAccident #BusAccident #LPGTanker #BreakingNews #taptisamanvya
