November 20, 2026

आज की प्रमुख खबरें 19/11/2026

0
Post no. _20261119_200750_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

  1. भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठक ली। शिवप्रकाश ने सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और लोगों के सुझाव सरकार तक पहुंचाने पर जोर दिया। हेमंत खंडेलवाल ने संगठन विस्तार की बात कही। वहीं चंद्रशेखर ने 1 से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए।
  2. नर्मदापुरम के सिवनीमालवा में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर छापेमारी की। कार्रवाई में सात पनडुब्बियां और सात मोटरबोट जब्त की गईं। इसके अलावा अवैध गिट्टी परिवहन और भंडारण के मामलों में डंपर और जेसीबी भी जब्त हुई।
  3. बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में शराब छुड़ाने के नाम पर दिया गया संदिग्ध जड़ी-बूटी का काढ़ा पीने से दो लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया। मृतकों की पहचान संजय उईके और रामकिशोर झाड़े के रूप में हुई है। घटना राजा बैठक ढाने की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध पदार्थ जब्त कर उसकी जांच कराई जा रही है।
  4. बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का 20 नवंबर को प्रस्तावित वार्ड भ्रमण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों में भ्रमण होना था। अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थगित किया गया है। आगामी भ्रमण की नई तारीख की जानकारी अलग से जारी होगी।
  5. बैतूल के गंज बस स्टैंड के सामने यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। यहां प्रतिदिन 80 से 100 बार जाम लगने का दावा किया जा रहा है। बुधवार को मैकेनिक चौक से कांतिशिवा चौक के बीच करीब 300 मीटर सड़क पर लगभग एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। बस स्टैंड से निकलने वाली बसों और भारी वाहनों से समस्या बढ़ रही है। वैकल्पिक रास्ता खोलने और वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग उठ रही है।
  6. मुलताई के सोनौली खाटूश्याम मंदिर में 20 नवंबर को बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह आठ बजे ताप्ती तट से भव्य निशान यात्रा निकलेगी। श्रद्धालु लगभग पांच किलोमीटर पैदल चलकर सोनौली धाम पहुंचेंगे। मंदिर में बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार होगा और छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। शाम को भजन संध्या में कोलकाता की पूजा नथानी और मुंबई की ईशा गोयल प्रस्तुति देंगी।
  7. मुलताई में 20 नवंबर को समान शिक्षा जन संवाद यात्रा का छठवां पड़ाव आयोजित होगा। बालाघाट से 15 नवंबर को शुरू हुई यह यात्रा 25 नवंबर को भोपाल में समाप्त होगी। शुक्रवार दोपहर तीन बजे मुलताई रेलवे स्टेशन से पैदल यात्रा शुरू होगी। शाम पांच बजे मंगलवार बाजार स्थित शिवाजी प्रतिमा के पास जन संवाद आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की चुनौतियों पर चर्चा होगी।
  8. प्रभातपट्टन के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। मैदान में जल जीवन मिशन की नल-जल योजना के लिए रखे पाइप आग की चपेट में आ गए। ठेकेदार के अनुसार करीब ढाई लाख रुपये की सामग्री जलकर नष्ट हुई है। कुछ पाइपों को जेसीबी से सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल बुलाई गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
  9. छिंदवाड़ा के डेनियलसन डिग्री कॉलेज में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा अग्निवीर कार्यशाला और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के करीब 400 एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। भोपाल से पहुंचे सूबेदार मेजर जोगिंदर सिंह ने युवाओं को भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना में करियर के अवसरों की जानकारी दी। अग्निवीर योजना और भर्ती संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।
  10. पांढुर्णा जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में टीम ने नीलकंठ, सीतापार और पिपलानारायनवार गांवों में दबिश दी। कार्रवाई में करीब 1700 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। इसके अलावा 24 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त हुई। आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने शराब दुकानों और बार का निरीक्षण भी किया।
  11. बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कलेक्ट्रेट में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वीकृत कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। भौरा-शाहपुर और पाढर मार्ग के डामरीकरण, परतवाड़ा मार्ग की मरम्मत तथा घोड़ाडोंगरी और माचना पुल के निर्माण में तेजी लाने को कहा। मुलताई के छात्रावासों से जुड़े लंबित मामलों का निराकरण करने और तैयार स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

#BetulNews #MultaiNews #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #HemantKhandelwal #NarmadapuramNews #LocalNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *