मिस्र में भीषण टैंकर हादसा, आग में 27 वाहन जलकर खाक, 31 लोगों की मौत
गीजा (मिस्र): मिस्र की राजधानी काहिरा के समीप गीजा प्रांत में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य लोग घायल हुए हैं। यह दर्दनाक हादसा इम्बाबा के वर्राक इलाके में रिंग रोड के पास टनल नंबर 10 के ऊपर हुआ। पेट्रोलियम पदार्थों से भरा एक टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया, जिसके बाद पेट्रोल का रिसाव होने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में कार और मोटरसाइकिल समेत 27 वाहन आ गए, जो जलकर खाक हो गए।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस तैनात की गईं और सभी घायलों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने आसपास के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं दुर्घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा कर राहत कार्यों एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियोजन अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के लिए कथित रूप से जिम्मेदार 21 वर्षीय कार चालक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाते हुए अन्य वाहनों को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान उसकी कार टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद टैंकर का एक टायर फट गया और वह कंक्रीट के अवरोधक से टकराकर पलट गया। आरोपी चालक को जांच पूरी होने तक हिरासत में रखने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन का पता लगाने के लिए उसकी फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
दुर्घटना में टैंकर चालक की भी मौत हो गई है। जांच अधिकारियों ने दो मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त वाहनों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। मिस्र की रेड क्रिसेंट संस्था ने भी आपातकालीन सहायता दलों को घटनास्थल और अस्पतालों में तैनात किया।
वहीं, मिस्र के वित्तीय नियामक प्राधिकरण ने अनिवार्य मोटर बीमा कोष को मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारी पीड़ित परिवारों से संपर्क करेंगे।
#Egypt #Giza #TankerAccident #RoadAccident #FireAccident #InternationalNews #BreakingNews #taptisamanvya
