हाईवे पर दो वाहन आपस में भिड़े,1 की मौत 2 घायल
मुलताई। नगर से होकर गुजरने वाले नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह सड़क हादसा हो गया। ग्राम चिचंडा के पास लगभग 7 बजे एक आयशर ट्रक और कंटेनर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण गणेश सोनी के अनुसार, दोनों वाहन तेज गति से अपने-अपने मार्ग पर जा रहे थे। ग्राम चिचंडा के पास किसी अज्ञात कारण से दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। नागपुर की ओर से आ रहे कंटेनर चालक की पहचान राजस्थान निवासी मुस्तफा (40) के रूप में हुई है। वह वाहन में बुरी तरह फंस गया था और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नागपुर की ओर जा रहे आयशर ट्रक चालक सोनू पिता चुन्नू, निवासी अहमदाबाद और मोहम्मद शाह (20) निवासी हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुस्तफा को मृत घोषित कर दिया। घायल सोनू और मोहम्मद शाह का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
