मुलताई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर
मुलताई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक देशभक्ति के जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के तरानों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अमरावती रोड स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण से हुआ।जिसमें विधायक चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलादसिंह परमार, अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम राजीव कहार, एसडीओपी एसके सिंह, तहसीलदार संजय बरैया, सीएमओ वीरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं यात्रा में प्रमुख रूप से शामिल हुए।
डीजे पर बज रहे देशभक्ति के तरानों ने यात्रा में शामिल विद्यार्थियों में उत्साह का संचार किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ स्कूली विद्यार्थी पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते नजर आए। यात्रा को लेकर नगरवासियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
कृषि मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा निर्धारित मार्ग से भाजपा भवन, फव्वारा चौक, जय स्तंभ, थाना रोड, गुरुसाहब मंदिर एवं गांधी चौक होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान नगर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया और तिरंगे के सम्मान में पूरा नगर एकजुट दिखाई दिया।
#multainews #TirangaYatra #IndependenceDay #betulnews #TaptiSamanvya
