मुलताई में बारिश के बीच निकला ईद मिलाद-उन-नबी का जुलूस, दिखा भाईचारा
मुलताई। रिमझिम बारिश के बीच मुलताई में ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने धूमधाम से जुलूस निकाला, जिसमें युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जुलूस की शुरुआत पारेगाँव रोड स्थित हंस नगर मस्जिद से हुई। जुलूस बस स्टैंड परिसर, थाना रोड, जयस्तंभ, फव्वारा चौक होते हुए नागपुर रोड स्थित अंबेडकर चौक पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह जुलूस का स्वागत करने के लिए टेंट लगाए गए थे, जहां लोगों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। साथ ही पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया गया।
बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। जुलूस में शामिल लोगों ने पूरे जोश के साथ पर्व मनाया। अंबेडकर चौक पर सामाजिक बंधुओं द्वारा विशेष स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई और चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी और पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
पर्व को शांतिपूर्ण और सद्भावना के साथ संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीओपी एस.के. सिंह और थाना प्रभारी विकास पटेल जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। वहीं, प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस पारेगाँव रोड स्थित हंस नगर मस्जिद पहुंचा, जहां इसका शांतिपूर्ण समापन हुआ।
#multainews #EidMiladUnNabi #multai #betulnews #taptisamanvya
