बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 26/08/2026
📰 आज की प्रमुख खबरें
1. मुलताई: मां ताप्ती का उद्गम स्थल लगातार हो रही बारिश से लबालब भर चुका है। अब तेज बारिश के बाद इसके ओवरफ्लो होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर नगरवासियों में उत्साह है।
2. मुलताई: रिमझिम बारिश के बीच ईद मिलाद-उन-नबी का जुलूस उत्साह और भाईचारे के साथ निकाला गया। पारेगाँव रोड स्थित हंस नगर मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर वापस मस्जिद पहुंचा। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
3. मुलताई: मासोद-जामगांव मार्ग पर एक डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खेत में जा घुसा। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि जनहानि की सूचना नहीं है।
4. बैतूल: आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। बैतूल और भीमपुर क्षेत्र से मिठाई, नमकीन, दूध, मावा और पनीर समेत कुल 25 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
5. सारणी: टावरों से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने करीब 70 हजार रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की।
6. बैतूल: जिला जेल में ब्रह्मकुमारी बहनों ने बंदियों को रक्षासूत्र बांधकर नैतिक और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। बंदियों को बुरी आदतों से दूर रहने और सकारात्मक जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
7. घोड़ाडोंगरी: अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर शाहपुर आईटीआई के हस्तांतरण को रोकने और चोपना की 58 दुकानों से जुड़े अतिक्रमण प्रकरणों को निरस्त कराने की मांग की।
8. बैतूल: Meesho कस्टमर केयर के नाम पर APK फाइल डाउनलोड करवाकर एक लाख एक हजार 990 रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से आईफोन और नकदी बरामद हुई।
9. बैतूल: कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने बरसाली हाईस्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और उपस्थिति की जानकारी ली तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
10. शाहपुर: भयावाड़ी में जमीन और मकान से जुड़े विवाद को लेकर एक परिवार ने मानसिक प्रताड़ना और धमकी के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर, एसपी और थाना प्रभारी से मामले की जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
#BetulNews #MultaiNews #MadhyaPradesh #LocalNews #taptisamanvya
