मुंबई के दहिसर वेस्ट के कांदरपाड़ा इलाके में रविवार को एक खड़ी कार के बोनट के अंदर अजगर मिलने से अचानक अफरा-तफरी मच गई। रिहायशी इमारत के पास खड़ी कार का बोनट खोला गया तो अंदर अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
मामले की जानकारी मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने काफी सावधानी के साथ अजगर को कार के बोनट से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उसकी पशु चिकित्सक से जांच कराई गई, जिसमें अजगर स्वस्थ पाया गया।
जांच पूरी होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से संजय गांधी नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया। कार के अंदर इतने बड़े सांप के छिपे होने की घटना ने लोगों को चौंका दिया। राहत की बात यह रही कि अजगर को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।