पिकनिक के बीच मौत का सैलाब, रायगढ़ के समुद्र तट पर 8 छात्रों की डूबने से मौत
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पिकनिक मनाने पहुंचे पुणे के छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। समुद्र में तेज धाराओं की चपेट में आने से 16 साल के आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सभी छात्र पुणे जिले के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर से जुड़े थे।
बताया गया कि 48 लोगों का दल समुद्र तट पर घूमने पहुंचा था। इनमें 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे आठ छात्र समुद्र में उतर गए, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा सके।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और समुद्र से सभी आठ शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को बेहद दुखद बताया है। वहीं, आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने हादसे की जांच के आदेश देते हुए स्कूल और शैक्षणिक यात्राओं के लिए नए सुरक्षा दिशानिर्देश जारी करने की बात कही है।
#RaigadNews #MaharashtraNews #Diveagar #PuneNews #BeachAccident #StudentDeath #RescueOperation #taptisamanvya
