बारिश बनी आफत! सड़क बंद, किसानों ने 15 क्विंटल मूली नाले में फेंकी
लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने मंडी जिले के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। झटिंगरी उपमंडल के थलटूखोड़-मढ़ सड़क मार्ग के बंद होने से तैयार सब्जियां मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। झुकाण गांव के किसानों को करीब 15 क्विंटल मूली नाले में फेंकनी पड़ी, जबकि इतनी ही गोभी पीठ पर उठाकर सड़क तक ले जानी पड़ी। लंबी दूरी और देरी के कारण गोभी की गुणवत्ता खराब हो गई, जिससे किसानों को उचित दाम मिलने की उम्मीद भी कम हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर मानसून में सड़क बंद होने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क बहाली के लिए मशीनें तैनात की हैं, लेकिन लगातार गिर रहे पत्थरों और बोल्डरों के कारण काम में बाधा आ रही है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सड़क चालू करने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि उनकी बची हुई फसल समय पर बाजार तक पहुंच सके।
#HimachalPradesh #mandi #farmers #landslide #RainUpdate #taptisamanvya
